क्राइम जर्नलिस्ट/ सम्पादक – सेराज खान

तेज रफ्तार ट्रक के चपेट में आने से बाइक सवार दो मित्रों की मौत,परिजनों में कोहराम।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। कोतवाली क्षेत्र के दुद्धी-रेनुकूट मार्ग पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए दोनों युवक हिंडालको में प्लंबर का काम करते थे और गहरे दोस्त थे।
प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों के अनुसार दुद्धी-रेनुकूट मार्ग के कादल गांव के पास दोपहर करीब 3 बजे रेणुकूट से रजखड़-दुद्धी की ओर जा रहे खाली ट्रक (JH02 BN 3908) ने बाइक सवार दो युवकों को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कटौली निवासी सूरज गौड़ (25) पुत्र स्व. जीत सिंह गौड़ और मझौली निवासी मनोज कुमार गौड़ (24) पुत्र जयकरण गौड़ के रूप में हुई है। दोनों हिंडालको में एक साथ प्लंबर का कार्य करते थे और आपस में गहरे दोस्त थे।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया कि सूरज गौड़ तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और उनके दो बहनें हैं।दोनों युवकों की अचानक हुई मौत से उनके गांवों और परिवारों में मातम छा गया है।
