क्राइम जर्नलिस्ट(सम्पादक-सेराज खान)

विंढमगंज में चोरी की वारदात, घर व होटल से नगदी व सामान पार।
दुद्धी/सोनभद्र।(प्रमोद कुमार)विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बुटबेढ़वा निवासी अजय कुमार गुप्ता के घर में बीती रात्रि लगभग 11:30 बजे अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि अजय कुमार गुप्ता का आवास रेलवे स्टेशन विंढमगंज के समीप स्थित है, जहां उनके घर में ही एक छोटा होटल भी संचालित होता है।
घटना के समय घर के सभी सदस्य पास ही आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया और अंदर घुसकर पूरे घर को खंगाल डाला। चोरों ने होटल की दिनभर की बिक्री की नगदी के साथ-साथ खाने-पीने की सामग्री भी चुरा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही अजय कुमार गुप्ता की पुत्री आर.सी. गुप्ता ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
