क्राइम जर्नलिस्ट/ सम्पादक – सेराज खान

खेत में सिंचाई व्यवस्था में लगे किसान को लगी करेंट ,सीएचसी दुद्धी चिकित्सक ने किया मृत घोषित।
दुद्धी/सोनभद्र।प्रमोद कुमार।स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सरडीहा निवासी किसान बीरबल (36) पुत्र लक्ष्मण सोमवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे खेत में सिंचाई का काम करते समय विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई । परिजन उसे निजी वाहन से सीएचसी दुद्धी ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार बीरबल खेत में धान रोपाई के लिए सिंचाई का इंतजाम कर रहा था। मोटर पंप के तार जोड़ने के लिए वह घर से लगभग एक किलोमीटर दूर एलटी मेन लाइन से केवल मोटर के तार जोड़ रहा था, तभी वह करेंट के चपेट में आ गया। घटना के समय उसके बड़े पुत्र संदीप पिता के साथ गया हुआ था और पीछे से तार लेकर आ रहा था। संदीप ने पिता को करेंट से घायलावस्था में पड़ा देखा और तुरंत चीखकर घर वालों को इसकी सूचना दी। परिजन आनन-फानन में बीरबल को निजी वाहन से सीएचसी दुद्धी ले गए, जहां डॉक्टर ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक के मुताबिक ,अत्यधिक करंट लगने के कारण मरीज को ब्रेन डेथ हो गया था। अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल की ओर से घटना की सूचना मेमो के जरिए कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा बिजली के खुले तारों के कारण हुआ प्रतीत होता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक बीरबल के चार बच्चे हैं और सभी अविवाहित हैं।जिसमें पुत्र संदीप, सुशील तथा दो पुत्रियाँ अनिता और सुनीता हैं।बीरबल चार भाइयों में सबसे बड़े थे।इस दर्दनाक दुर्घटना से पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुराहाल है । परिवार समेत पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया है।
पुलिस मामले की जांच व कानूनी कार्रवाई में जुट गई है ।
