जर्जर बिजली केबल टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आई गाय, एक की मौत, दूसरी गंभीर घायल

Crime journalist (सम्पादक-सेराज खान)

ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर-आकृति अग्रहरि

जर्जर बिजली केबल टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आई गाय, एक की मौत, दूसरी गंभीर घायल!

बिजली विभाग की लापरवाही उजागर, समय पर मरम्मत होती तो टल सकती थी घटना!

देर शाम तक नहीं पहुंचे बिजली व राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारी, पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया!

बल्दीराय/सुल्तानपुर – धनपतगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खारा स्थित पूरे पांडेय गांव में रविवार सुबह जर्जर एलटी (लो टेंशन) बिजली केबल टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई, जबकि दूसरी गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह लगभग 10 बजे गांव के ट्रांसफार्मर से जुड़ी एलटी लाइन की पुरानी और जर्जर केबल अचानक टूटकर जमीन पर गिर गई। उसी दौरान गांव निवासी ब्रह्मदीन और शकील की एक-एक गाय वहां से गुजर रही थीं। दोनों गायें करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में ब्रह्मदीन की गाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि शकील की गाय गंभीर रूप से झुलस गई।
ग्रामीणों का कहना है कि एलटी लाइन लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी और इसकी मरम्मत की मांग कई बार की गई थी। यदि समय रहते बिजली विभाग ने केबल बदल दी होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद देर शाम तक बिजली विभाग, राजस्व विभाग अथवा अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे। इतना ही नहीं, समाचार लिखे जाने तक मृत गाय का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया था।
इस संबंध में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.के. अग्रहरी ने बताया कि उन्हें घटना की पूर्व सूचना नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि वह तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल गाय का उपचार कराएंगे तथा मृत गाय के पोस्टमार्टम सहित आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।