Crime journalist संपादक-सेराज खान

प्रिंस कुमार सिन्हा संवाददाता-बीजपुर सोनभद्र

*एनटीपीसी रिहंद के रिहंदेश्वर धाम में शारदीय नवरात्रि पर भव्य सांस्कृतिक संध्या,भक्ति और संस्कृति के संगम से सराबोर हुआ पंडाल*

बीजपुर। एनटीपीसी रिहंद परियोजना परिसर स्थित प्रसिद्ध रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर परिसर के दुर्गा पूजा पंडाल में शारदीय नवरात्रि के महाषष्ठी के पावन अवसर पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।

*दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ*

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं परियोजना प्रमुख कार्यकारी निदेशक संजय असाटी, महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी तथा विशिष्ट अतिथि महाप्रबंधक हेमेश कुमार वार्ष्णेय एवं महिला मंडल की उपाध्यक्षा कीर्ति वार्ष्णेय के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

*बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां*

सांस्कृतिक संध्या में नवोदय मिशन एवं वेलफेयर से जुड़े विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। त्रिवेणी क्लब के बाल कलाकारों ने आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। वहीं, डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने माता रानी के भजन पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर भक्तिमय वातावरण बना दिया।

*बाल दुर्गा का रूप बना विशेष आकर्षण*

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण कक्षा चार की छात्रा शिवांगी उपाध्याय द्वारा मां दुर्गा का बाल रूप धारण कर दी गई प्रस्तुति रही। करतल ध्वनि के बीच बाल कलाकार ने मां दुर्गा के स्वरूप में उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देकर साक्षात देवी के बाल रूप का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

*भक्ति और ऊर्जा से सराबोर रहा पंडाल*

केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने ऊर्जापूर्ण डांडिया नृत्य से समां बांध दिया, जबकि सेंट जोसेफ की छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कल्याण केंद्र परिवार से जुड़ी महिलाओं ने भी आकर्षक डांडिया नृत्य के माध्यम से माता रानी के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति व्यक्त की। एनटीपीसी कर्मचारी अज्ञात मिश्रा ने अपनी मधुर एवं भक्तिमय आवाज से भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को झूमने पर विवश कर दिया।

*आभार व्यक्त कर किया गया समापन*

पूरे आयोजन के दौरान दुर्गा पूजा पंडाल भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम का बेहतरीन संचालन ईवा के महासचिव आशुतोष कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में पूजा समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक एन. एस. कोरंगा ने मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागियों तथा उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में पूजा पंडाल में सभी श्रद्धालुओं के मध्य प्रसाद वितरित किया गया।