क्राइम जर्नलिस्ट(सम्पादक-सेराज खान)

विंढमगंज मालिया नदी पुल पर मिला युवक का शव , ट्रेन से गिरने से मौत की आशंका।
दुद्धी/सोनभद्र।(प्रमोद कुमार)विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत घिवही में मालिया नदी पर बने सरना पुल के पास रेल लाइन किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में हटिया-जम्मू तवी एक्सप्रेस से सफर कर रहे यात्री के चलती ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय संतोष तिर्की पुत्र बाघा तिर्की निवासी रांची (झारखंड) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह रांची से लुधियाना प्लंबर मिस्त्री का काम करने जा रहे थे। घटना रात्रि करीब 3 बजे की बताई जा रही है। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे आरपीएफ कर्मी पंकज सिंह ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन से उसकी पत्नी से संपर्क कर पहचान की पुष्टि की।
परिजनों ने बताया कि संतोष शुक्रवार शाम करीब 5 बजे ट्रेन से रवाना हुए थे, लेकिन ट्रेन से गिरने की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
