क्राइम जर्नलिस्ट/ सम्पादक – सेराज खान

45 स्वर्ण पदकों के साथ मुख्यांचल बना ओवरऑल चैंपियन, भारत के मानचित्र की मानव शृंखला बनाकर खिलाड़ियों ने लहराया तिरंगा।

सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज में 35वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य समापन

दुद्धी( सोनभद्र)प्रमोद कुमार। सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज दुद्धी के संयोजकत्व में स्थानीय टाउन क्लब क्रिकेट खेल मैदान में आयोजित 35वीं माध्यमिक विद्यालयीय जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुक्रवार को खेल उत्साह, देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में जनपद के विभिन्न अंचलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मुख्यांचल ने बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल करते हुए 45 स्वर्ण पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। पूर्वांचल दूसरे और ऊर्ध्वंचल तीसरे स्थान पर रहा।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन तथा विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। समारोह में खेल प्रतिभाओं के सम्मान के साथ राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की मनमोहक झलक देखने को मिली।
समापन समारोह का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब विभिन्न अंचलों से आए छात्र-छात्राओं ने मैदान में भारत के मानचित्र की आकृति में मानव शृंखला बनाकर हाथों में तिरंगा लहराया। विद्यार्थियों ने ‘ये देश है वीर जवानों का’ गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इस अनूठी प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप एवं धूप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में मुख्यांचल की खिलाड़ियों ने 23 स्वर्ण पदकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। पूर्वांचल 10 स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे और ऊर्ध्वांचल सात स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। बालक वर्ग में भी मुख्यांचल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 स्वर्ण पदकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। पूर्वांचल आठ स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे तथा ऊर्ध्वंचल चार स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर मुख्यांचल ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की।
प्रतियोगिता के व्यक्तिगत मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज मधुपुर की अंजली सोनी ने 100 और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता, जबकि 400 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल किया। सोनांचल के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरहवा की निधि ने ऊंची कूद में स्वर्ण तथा लंबी कूद और 100 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त किया।
अंडर-14 बालक वर्ग में श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज मधुपुर के अमान कादरी ने 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इंटरमीडिएट कॉलेज सिरसिया के छोटू आदिवासी ने गोला और चक्र प्रक्षेप में स्वर्ण पदक हासिल किए।
अंडर-17 बालिका वर्ग में मां विंध्यवासिनी इंटरमीडिएट कॉलेज पापी की अंजली ने 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीते। श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज मधुपुर की अनुष्का यादव ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 300 मीटर स्पर्धा में प्रथम स्थान तथा 1500 मीटर दौड़ और गोला प्रक्षेप में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की अमृता ने लंबी और ऊंची कूद में स्वर्ण पदक हासिल किए।
अंडर-17 बालक वर्ग में इंटरमीडिएट कॉलेज सिरसिया के जय प्रकाश आदिवासी ने गोला प्रक्षेप, चक्र प्रक्षेप और भाला प्रक्षेप में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
अंडर-19 बालिका वर्ग में श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज मधुपुर की ज्योति ने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीते। इसी विद्यालय की सुमन ने 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किए। दिव्या सिंह यादव ने ऊंची कूद और चक्र प्रक्षेप में स्वर्ण तथा गोला प्रक्षेप में रजत पदक प्राप्त किया। अंडर-19 बालक वर्ग में आरएसएम इंटरमीडिएट कॉलेज रॉबर्ट्सगंज के नैतिक पांडेय ने लंबी और ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, खिलाड़ियों को किया सम्मानित
समापन समारोह में मेजबान सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विभिन्न स्पर्धाओं एवं आयु वर्गों में व्यक्तिगत चैंपियन बने खिलाड़ियों को कप प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उच्च स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर देती हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक राजेश्वर श्रीवास्तव की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन दूसरी बार हो रहा है। खिलाड़ियों और शिक्षकों के लिए की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों और व्यायाम शिक्षकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मंच का संचालन अनिल कुमार एवं डॉ. अमर सिंह, प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल बहेराडोल ने किया। अभिलेखीय कार्य में रूपाली, कृपाशंकर तिवारी, रीता यादव, नंदकिशोर कन्नौजिया सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने योगदान दिया। निर्णायक मंडल में अंकित कुमार, लाल मुहम्मद, जगदम्बा प्रसाद, डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया सहित अन्य व्यायाम शिक्षकों ने विभिन्न स्पर्धाओं के संचालन और निर्णय संबंधी जिम्मेदारियां निभाईं।
समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से कमलेश यादव, संतोष सिंह, शोएब अहमद, राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के उपप्रधानाचार्य ऋषिकेश पाठक, डॉ. चंद्रप्रकाश भारती, धनंजय वर्मा, भारती इंटर कॉलेज विंढमगंज के प्रधानाचार्य राजेश कुमार, सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज की उपाध्यक्ष रेखा श्रीवास्तव और शैलेश श्रीवास्तव सहित विभिन्न राजकीय, अशासकीय एवं वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
खेल प्रतिभाओं के सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और तिरंगे के साथ राष्ट्रीय एकता के संदेश ने प्रतियोगिता के समापन को यादगार बना दिया। मुख्यांचल की शानदार जीत और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने जनपद में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाया।