बघाडू वन क्षेत्र में रात भर हो रहा अवैध बालू खनन, जिलाधिकारी से जांच की मांग

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

बघाडू वन क्षेत्र में रात भर हो रहा अवैध बालू खनन, जिलाधिकारी से जांच की मांग।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार।क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेणुकूट वन प्रभाग के बघाडू वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन व परिवहन किए जाने का मामला प्रकाश में आया हैं। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों के माध्यम से कनहर नदी से बालू निकाला जा रहा है और सुबह तक परिवहन किया जाता है।
सूत्रों का कहना है कि यह अवैध खनन रात लगभग 10 बजे शुरू होता है और सुबह 8 बजे तक लगातार जारी रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ फॉरेस्ट अधिकारियों की मिलीभगत के कारण ये गतिविधियाँ खुलेआम हो रही हैं। इन मामलों में संबंधित विभागों और अधिकारियों की चुप्पी लोगों में नाराज़गी का कारण बनी है। एक ओर प्रदेश सरकार अवैध खनन पर सख्त है वही इन दिनों बघाडू वन क्षेत्र में अवैध खनन का कार्य फल फूल रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की तुरंत संज्ञान लेकर ट्रैक्टरों के माध्यम से हो रहे अवैध खनन को रोका जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। शहर के कुछ निवासी कहते हैं कि खनन से वन्य जीवन और नदी का प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित हो रहा है तथा नदी तटों पर कटाव और बढ़ते प्रदूषण से स्थानीय किसानों को भी नुकसान हो रहा है।
जब इस मामले पर सेल फोन से वन क्षेत्राधिकारी बघाडू से संपर्क किया गया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।