क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

खेत में खेल रही 8 वर्षीय बालिका को सांप ने डसा, सीएचसी में इलाज जारी।
दुद्धी (सोनभद्र) प्रमोद कुमार।विंढमगंज थाना क्षेत्र के चकडुमरा गांव में रविवार दोपहर खेत में खेल रही एक 8 साल की बच्ची को अज्ञात जहरीले सांप ने डस लिया। गनीमत यह रही कि परिजनों ने झाड़ फूंक में पड़ने के बजाय बच्ची को लेकर सीएचसी दुद्धी पहुंचे, जिससे बच्ची की जान खतरे से बाहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, चकडुमरा गांव निवासी आदित्य की 8 वर्षीय खुशी कुमारी, दोपहर करीब तीन बजे अपने घर के बगल स्थित खेत में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान अज्ञात सांप ने उसके बाएं पैर में डस लिया। बच्ची चीखते चिल्लाते अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इस संकट की घड़ी में परिजनों ने सूझबूझ का परिचय दिया।झाड़ फूंक के चक्कर में अपना समय बर्बाद करने के बजाय तत्काल निजी साधन से बच्ची को लेकर सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचे।जहां चिकित्सक डॉ. वी.के. सिंह की देखरेख में खुशी कुमारी का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण बच्ची की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उसका इलाज जारी है।
