क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

कटौली में टेम्पो से गिरकर तीसरी कक्षा के छात्र की मौत, पुलिस जांच में जुटी।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार।कोतवाली क्षेत्र के कटौली गांव में बुधवार सुबह साढ़े छह बजे एक टेम्पो से गिरकर 10 वर्षीय बालक रिशु राज पुत्र दीपक की मौत हो गई। मृतक गांव के ही एक निजी विद्यालय में कक्षा 3 का छात्र था।
परिजनों के अनुसार, रिशु सहित गांव के पांच से छह बच्चे सेमर टोला से पड़ोसी के टेम्पो पर घूमने निकले थे। सेमर मोड़ से कसिवा मोड़ की ओर जाते समय टेम्पो के चालक सीट पर बैठे एक बालक ने अचानक टेम्पो मोड़ दी, जिससे रिशु गिर गया और टेम्पो के पहिये के नीचे आ गया।
घटना के बाद अन्य बच्चों ने गंभीर रूप से घायल रिशु को टेम्पो में रखा और एक बच्चे ने उसके परिजनों को टेम्पो से गिरने की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे दूसरे टेम्पो से दुद्धी स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसकी हालत गंभीर देखकर सीएचसी दुद्धी भेजा गया।
सीएचसी के चिकित्सकों ने बालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रिशु ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया। गुरुवार दोपहर बालक के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
परिजनों ने बताया कि रिशु दो भाइयों में बड़ा था और उसकी एक छोटी बहन भी है। घटना से परिजनों सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है।