क्राइम जर्नलिस्ट/ संपादक – सेराज खान

दुद्धी में विजयादशमी पर 51 फीट ऊंचे रावण पुतले का होगा दहन, जौनपुर के कलाकारों ने तैयार किया आकर्षक पुतला।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। विजयादशमी के पावन पर्व पर कस्बे में भव्य आयोजन की तैयारी अंतिम दौर में पहुंच गई है। इस बार स्थानीय रामलीला (टी.सी.डी.) खेल मैदान पर 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। विशालकाय पुतले में विभिन्न प्रकार के पटाखे लगाए गए हैं, जो दहन के समय दर्शकों का मुख्य आकर्षण बनेंगे।
विशालकाय रावण पुतले के निर्माण की जिम्मेदारी जौनपुर से आए विशेष कलाकारों ने संभाली है। कलाकार इकलाख अपनी पत्नी और भांजे हसरतअली के साथ मिलकर पुतले को तैयार करने में जुटे हुए हैं।
कलाकारों ने बताया कि उनके अन्य सहयोगी इस समय प्रयागराज में भी रावण पुतलों का निर्माण कर रहे हैं। दुद्धी का काम पूरा होते ही वे वहां भी पहुंचेंगे।
स्थानीय श्रीरामलीला कमेटी दुद्धी की देखरेख में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को देखने के लिए कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। रावण दहन के साथ ही विजयादशमी का उत्सव क्षेत्र में धूमधाम से मनाया जाएगा।