अखिलेश जी मेरे मित्र हैं… पीएम मोदी ने बताई सपा चीफ से मदद लेने वाली बात, संसद वाला ये वीडियो वायरल

Akhilesh Yadav PM Modi Viral Video: यूपी तक के खास शो ‘आज का यूपी’ में देखें: बंगाल चुनाव में योगी का ‘यूपी मॉडल’ और शुभेंदु अधिकारी का साष्टांग प्रणाम. नोएडा श्रमिक हिंसा में पाकिस्तानी कनेक्शन का खुलासा और संसद में पीएम मोदी का अखिलेश यादव को ‘मित्र’ बताने वाला रोचक बयान.
Parliament Viral Video: आज का यूपी राज्य की राजनीतिक और सामाजिक हलचलों का सबसे सटीक विश्लेषण पेश करता है. आज के अंक में हम तीन बड़ी खबरों पर विस्तार से चर्चा करेंगे. पहली खबर पश्चिम बंगाल चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘यूपी मॉडल’ की गूंज और शुभेंदु अधिकारी के उनके प्रति विशेष सम्मान की है, दूसरी खबर नोएडा-एनसीआर में हुए श्रमिक आंदोलन के हिंसक होने के पीछे सामने आए ‘पाकिस्तानी कनेक्शन’ और सोशल मीडिया हैंडल्स के खुलासे से जुड़ी है और तीसरी खबर संसद में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अखिलेश यादव को अपना मित्र बताने और धर्मेंद्र यादव की पिछड़ा नेता वाली टिप्पणी पर पीएम के जवाब की है.

बंगाल चुनाव में योगी मॉडल की गूंज, शुभेंदु अधिकारी ने किया साष्टांग दंडवत

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के सबसे बड़े स्टार प्रचारक के रूप में उभरे हैं. बंगाल के रण में योगी की मांग इतनी अधिक है कि भाजपा के बंगाल चेहरा शुभेंदु अधिकारी ने खुद मुख्यमंत्री के आगमन की विशेष मांग की थी. हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर शुभेंदु अधिकारी द्वारा योगी आदित्यनाथ को साष्टांग दंडवत प्रणाम करने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं.

मुख्यमंत्री योगी ने अपनी सभाओं में ममता बनर्जी के 15 साल के कार्यकाल पर हमला करते हुए अपना ‘यूपी मॉडल’ जनता के सामने रखा. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, सब चंगा’ है. सीएम योगी ने ‘लैंड जिहाद’, ‘लव जिहाद’ और ‘मस्जिदों से लाउडस्पीकर’ हटाने जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी में अब सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी जाती और गौ-कशी पर पूर्ण प्रतिबंध है. टीएमसी द्वारा उन्हें बाहरी बताए जाने पर शुभेंदु अधिकारी ने सफाई दी कि योगी सिर्फ एक मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि गोरक्षनाथ पीठ के पीठाधीश्वर हैं, जिनके प्रति करोड़ों लोगों की श्रद्धा है.