दुद्धी में चार को काटा अज्ञात सर्प/जहरीले जंतु, तीन का इलाज जारी, एक को परिजन ले गए अन्यत्र

क्राइम जर्नलिस्ट/ सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी में चार को काटा अज्ञात सर्प/जहरीले जंतु, तीन का इलाज जारी, एक को परिजन ले गए अन्यत्र।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। क्षेत्र में शनिवार को चार अलग अलग घटनाओं में दो महिलाओं, एक किशोर और एक युवक को अज्ञात सर्प/ जहरीले जंतु ने काट लिया। तीन मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि एक महिला को परिजन बीच उपचार से ही उठाकर अन्यत्र के लिए ले गए।
पहली घटना कोन थाना क्षेत्र के ग्राम कुडूवा तूमिया निवासी चिंता देवी (40)पत्नी संकटाप्रसाद को शनिवार सुबह करीब 9 बजे घर के बाहर टहलते समय किसी अज्ञात सर्प ने दाएं पैर में काट लिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तुरंत निजी साधन से सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।

हालांकि, उपचार के दौरान ही परिजन अपने जिद से मरीज को बिस्तर से उठाया और अन्यत्र ले गए। चिकित्सकों ने बताया कि सर्पदंश के बाद बीच में उपचार छोड़ना या मरीज को ले जाना जानलेवा हो सकता है, क्योंकि विष शरीर में तेजी से फैलता है,परिजन अपने जिद पर मरीज को ले गए ।
दूसरी घटना विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जाताजुआ निवासी मालती देवी (45)पत्नी रामगुलाब यादव शनिवार दोपहर करीब 1 बजे धान के खेत में खाद डालने गई थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात जहरीले जंतु ने उनके दाएं पैर में काट लिया।
घटना की सूचना पर 108 एम्बुलेंस टीम के ईएमटी पंकज और चालक बंशी यादव मौके पर पहुंचे और मरीज को सीएचसी दुद्धी ले आए।जहां डॉ. मनोहर सिंह की निगरानी में उनका उपचार किया गया और फिलहाल स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
तीसरी घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम बघाडू निवासी अंकुश (10)पुत्र संजय सिंह को आज ही अपराह्न करीब 3 बजे घर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर अपने दोस्तों के साथ खेलते समय किसी अज्ञात सर्प ने बाएं पैर में काट लिया। परिजन अंकुश को तुरंत निजी साधन से सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां डॉ. मनोहर सिंह की देखरेख में उसका भी इलाज जारी है ।
चौथी घटना कस्बे से लगे धनौरा गांव के एक युवक को भी शाम 4 बजे किसी अज्ञात जहरीले जंतु ने काट लिया। उसका भी इलाज सीएचसी दुद्धी में डॉ विनोद सिंह के देखरेख में चल रहा है।