हरतालिका तीज पर सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत,दुद्धी के मंदिरों में उमड़ी आस्था

क्राइम जर्नलिस्ट/संपादक – सेराज खान

हरतालिका तीज पर सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत,दुद्धी के मंदिरों में उमड़ी आस्था।

दुद्धी/सोनभद्र।प्रमोद कुमार। कस्बे में हरतालिका तीज का पर्व आज सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना की तथा पति की दीर्घायु, परिवार की सुख समृद्धि और उन्नति की मंगल कामना की।
व्रती महिलाओं ने सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण किए और पूजा स्थलों पर विधि विधान से भगवान शिव व माता पार्वती का पूजन किया। इस दौरान बेलपत्र, धतूरा, अक्षत, फल फूल प्रसाद और सुहाग सामग्री अर्पित की गई। महिलाओं ने अपने इच्छा अनुसार सुबह और सायं हरतालिका तीज की कथा का श्रवण किया और आशीर्वाद लिया।

मां काली मंदिर,शिवाला शिव मंदिर ,प्राचीन हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरों में महिलाओं की भीड़ रही। शाम को भी महिलाओं ने पूजा अर्चना कथा का श्रवण कर व्रत की रस्में पूरी कीं। पूरे दिन मंदिरों और पूजा स्थलों पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें पत्नी रूप में स्वीकार किया। इसी मान्यता के तहत सुहागिन महिलाएं हरतालिका तीज पर निर्जला उपवास रखकर अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना करती हैं। व्रती महिलाएं मंगलवार सुबह व्रत का पारण करेंगी।