कार की पिछली सीट निकाल नौ बोरियों में छिपा रखा था डोडा का छिलका,दुद्धी पुलिस ने 1 कुंतल 38.538 किलो अवैध डोडा छिलका संग दो तस्करों को दबोचा

जर्नलिस्ट/ सम्पादक – सेराज खान

कार की पिछली सीट निकाल नौ बोरियों में छिपा रखा था डोडा का छिलका,दुद्धी पुलिस ने 1 कुंतल 38.538 किलो अवैध डोडा छिलका संग दो तस्करों को दबोचा।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दुद्धी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रखवाड़ घाटी में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने सफेद रंग की अर्टिगा कार से 01 कुंतल 38 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा का छिलका बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत 20 लाख 78 हजार 70 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विनकय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार को रखवाड़ घाटी में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दुद्धी कस्बे की ओर से सफेद रंग की अर्टिगा कार संख्या UP16GE4953 आती दिखाई दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में सवार दो व्यक्तियों की पहचान अनूप साहू पुत्र दीनानाथ, निवासी नई बस्ती खलीलपुर रोड, थाना सीबीगंज, जनपद बरेली, उम्र करीब 31 वर्ष और राहुल पुत्र छग्गरलाल मौर्या, निवासी ग्राम नदौसी, थाना सीबीगंज, जनपद बरेली, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस ने कार की डिक्की और अंदरूनी हिस्से की तलाशी ली तो पिछली सीट हटाकर बनाए गए स्थान में नौ बोरियां रखी मिलीं। बोरियों को खोलने पर उनमें डोडा का छिलका बरामद हुआ। वजन कराने पर कुल मात्रा 1 कुंतल 38 किलो 538 ग्राम निकली।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना दुद्धी में मु0अ0सं0 250/26, धारा 8/18/27बी/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय सोनभद्र के समक्ष पेश किया जा रहा है।
तस्करी के नेटवर्क से जुड़े तीन लोग अभी वांछित
पुलिस जांच में मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े तीन अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस ने अबदुल्ला पुत्र अली मोहम्मद निवासी गुड़गांव पाकी, डाल्टेनगंज झारखंड, नदीम उर्फ नकत पुत्र हसरत अली निवासी नरीयाबल बरेली और विजय कश्यप पुत्र राम कुमार निवासी सिसवा जिला रामपुर को मामले में वांछित बताया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनकय प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक हरिकेश राम आजाद, उपनिरीक्षक रामसजीवन, हेड कांस्टेबल राजेश सिंह, कांस्टेबल शिवम अहिरवार और कांस्टेबल सुनील कुमार सरोज शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनूप साहू के विरुद्ध बरेली जनपद में सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत वर्ष 2022 और 2024 में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, गंतव्य और पूरे तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।