रक्षाबंधन पर बहनों ने भाइयों के कलाइयों पर बांधी राखी ,भाइयों के लिए मंगलकामना

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

रक्षाबंधन पर बहनों ने भाइयों के कलाइयों पर बांधी राखी ,भाइयों के लिए मंगलकामना।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। रक्षाबंधन का पावन पर्व शुक्रवार को दुद्धी कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।इस दौरान बहनों ने अपने भाइयों के कलाइयों पर रक्षाबंधन त्योहार पर सुबह से ही घर घर खुशियों का माहौल बना रहा। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी कलाईयों पर रंग-बिरंगी राखियाँ बांधी और मिठाई खिलाकर भाईयों के दीर्घायु व सफलता की कामना की। बदले में भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट कर उनका संरक्षण करने का संकल्प लिया।
त्योहार से एक दिन पूर्व ही बाजारों में रौनक दिखाई दी। राखियाँ, मिठाइयाँ और उपहार खरीदने के लिए लोगों की भीड़ मुख्य बाजारों में रही। फल, मिष्ठान और राखी की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की लगातार आवक रही।
इस बार महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने के कारण बसों में भी अधिक भीड़ रही। बहनें कई जगहों से अपने मायके जाकर भाइयों को राखी बांधती नजर आईं। लोग सुबह के पहले शुभ मुहूर्त से ही राखी बांधना शुरू कर रहे थे,कुछ स्थानों पर सुबह पांच बजे से प्रक्रिया जारी रही और दोपहर के दूसरे शुभ मुहूर्त में भी राखियाँ बांधी गईं। परिवारों ने एक दूसरे के सुख शांति और समाज के कल्याण की भी कामना की।
उधर बाजारों में भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय रहा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ कस्बे के विभिन्न इलाकों में भ्रमण करते रहे और लोगों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी। पुलिसकर्मी प्रमुख बाजारों और बस स्टैंड पर तैनात रहे ताकि अव्यवस्था न हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।