सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब, हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हुआ नगर

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब, हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हुआ नगर।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार।सावन के पवित्र महीने के अंतिम सोमवार पर आज पूरा नगर पूरी तरह शिव भक्ति में लीन नजर आया। तड़के से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया, जो देर शाम तक अनवरत जारी रहा। नगर के प्राचीन शिवालय मंदिर, श्री कन्हरेश्वर महादेव मंदिर, श्री हीरेश्वर नाथ शिव मंदिर लौवा नदी, कैलाश कुंज मल्देवा और प्राचीन शिवाजी तालाब स्थित शिवालय सहित विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

सावन के अंतिम सोमवार को लेकर भक्तों में खास उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। अंतिम सोमवार पर भोलेनाथ का आशीर्वाद पाने के लिए भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, फूल और फल अर्पित कर परिवार की सुख समृद्धि और आरोग्य की कामना की। पूरे दिन हर हर महादेव, जय भोलेनाथ और ऊँ नमः शिवाय के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।

मंदिर के पुजारियों व धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन के अंतिम सोमवार पर सच्चे मन से शिवजी का जलाभिषेक करने और बेलपत्र चढ़ाने से पूरे माह की पूजा का फल प्राप्त होता है और सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

विशेष रूप से प्राचीन शिवाला, श्री कन्हरेश्वर महादेव मंदिर, लौवा नदी स्थित श्री हीरेश्वर नाथ मंदिर और कैलाश कुंज मल्देवा में सुबह से ही पूजा अर्चना करने पहुंचे श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सावन के समापन के साथ दिनभर चले इस पूजा अर्चना और जलाभिषेक के क्रम से पूरा दुद्धी नगर पूरी तरह शिवमय और भक्तिमय बना रहा।