दुद्धी में चालाक ठग फरार, आवास के नाम पर वृद्धा की चांदी की हसुली गायब

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी में चालाक ठग फरार, आवास के नाम पर वृद्धा की चांदी की हसुली गायब।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। कस्बा स्थित डीआर होटल के सामने पुल के पास रविवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे 65 वर्षीय इंजोरा देवी पत्नी बुधराम निवासी ग्राम बबनडीहा म्योरपुर के साथ ठगी की घटना सामने आई है। महिला ने थाना दुद्धी में तहरीर दी है कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर गया और कहा कि उन्हें ग्रामीण आवास का पत्र मिल चुका है या नहीं। घरवालों ने मना किया तो वह व्यक्ति खुद को अधिकारी बताकर इंजोरा देवी का फोटो लेने के लिए बुलाया और आधार कार्ड अपडेट कराने के बहाने दुद्धी लेकर आया।
पुल के पास मौजूद होटल डीआर पैलेस के सामने महिला के पास मौजूद बच्ची सहित एक अन्य महिला भी थी। शिकायत के मुताबिक अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि अधिकारी के पास फोटो खिंचवाते समय चांदी का मोटा हसुली पहनना ठीक नहीं होगा, वरना आवास रद्द हो सकता है। इसके बाद उसने जबरन महिला की चांदी की हसुली अपने मोटरसाइकिल की डिग्गी में डाल दी और कहा कि वह आधार कार्ड लेकर आता है। फिर वह मौके से फरार हो गया। इंजोरा देवी के विरोध के बावजूद आरोपी ने हसुली ले ली।
पीड़िता ने डायल 112 पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों की सलाह पर वह थाना दुद्धी पहुंची और घटना की तहरीर दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने तहरीर मिलने व कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में रोष व्याप्त है।