क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

4 वर्षीय मासूम ने खेल-खेल में पकड़ा करैत सांप, सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मंगलवार की देर शाम घर के आंगन में खेल रही 4 वर्षीय मासूम बच्ची ने एक जहरीले करैत सांप को पकड़ लिया।
परिजनों के मुताबिक, राजेश कुमार की 4 वर्षीय पुत्री नीतू कुमारी मंगलवार की देर शाम अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान बच्ची ने वहां मौजूद करैत सांप को हाथ से पकड़ लिया। बच्ची के अचानक रोने की आवाज सुनकर जब उसकी मां बदहवास हालत में दौड़ी, तो देखा कि बच्ची के हाथ में सांप था। मां को आता देख बच्ची ने सांप को झटक कर दूर फेंक दिया, लेकिन वह लगातार रोती रही।
सांप के काटे जाने की आशंका से घबराए परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को कॉल किया।लेकिन एम्बुलेंस न मिलने पर परिजनों ने बिना समय गंवाए निजी साधन से बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी दुद्धी में जांच के बाद चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार की देखरेख में बच्ची का इलाज शुरू कर दिया गया है।सीएचसी स्टॉप बच्ची के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
