Crime journalist/सम्पादक – सेराज खान

रेनुकूट संवाददाता-नसीम अहमद
भाईयों के दीर्घायु के लिये बहनों ने की भैया दूज की पूजा
रेणुकूट/सोनभद्र।रेनुकूट में मंगलवार को भाई दूज का पर्व धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर अक्षत तिलक किया, आरती उतारी, मिठाई खिलाई और दीर्घायु व समृद्धि की कामना की। वहीं, भाइयों ने बहनों को आकर्षक उपहार देकर उनके प्रति स्नेह और रक्षा का संकल्प लिया।
भाई दूज पर बहनों ने भाइयों की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखा। कहीं बहनें अपने भाइयों के घर गईं, तो कहीं भाई अपनी बहनों के घर पहुंचे। पूरे दिन घर-घर में भाई-बहन के रिश्तों की मिठास और पारिवारिक उल्लास देखने को मिला।
पंडित आयूष तिवारी जी ने बताया कि मान्यता है कि इस दिन बहन के घर भोजन करने से भाई की उम्र बढ़ती है। पौराणिक कथा के अनुसार इस दिन भगवान श्री कृष्ण नरकासुर राक्षस का वध कर द्वारिका लौटे थे। भगवान कृष्ण की बहन सुभद्रा ने फल, फूल, मिठाई के साथ दीये जलाकर उनका स्वागत किया था। सुभद्रा ने भगवान श्री कृष्ण के मस्तक पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु की कामना की थी। इस दिन से ही भाई दूज के मौके पर बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाती हैं और बदले में भाई उन्हें उपहार देते हैं।
इसके साथ साथ भाई दूज के अवसर पर सुबह से ही बाजारों में भीड़ रही। बहनों ने अपने भाइयों के लिए मिठाई, गोला और अन्य प्रसाद खरीदे। भाइयों ने बहनों की पसंद के अनुसार उपहार खरीदे। बाजार में मिठाई और नारियल गोला की बिक्री में काफी इज़ाफा देखा गया, साथ ही रेडीमेड गारमेंट, साड़ी और सराफ की दुकानों पर भी काफी खरीदारी हुई।
