Crime Journalist (सम्पादक-सेराज खान)

ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर-आकृति अग्रहरि
हत्यारोपी की नौ घण्टे की मिली पुलिस कस्टडी रिमांड!
दरोगा के पिता की हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामदगी से जुड़ी कार्यवाही!
सुलतानपुर – दरोगा के पिता विजय प्रताप सिंह की हत्या के मामले में विवेचक की मांग पर घटना में प्रयुक्त असलहे की बरामदगी के लिए जरिए वीडियो कांफ्रेंसिंग जेल से तलब आरोपी सौरभ पांडेय को पुलिस कस्टडी रिमांड पर देने के लिए सोमवार को कोर्ट में बहस हुई। सीजेएम नवनीत सिंह की अदालत ने हत्या में प्रयुक्त असलहे की बरामदगी व केस से जुड़े आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए आरोपी सौरभ पाण्डेय को मंगलवार के लिए सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक सशर्त पुलिस कस्टडी रिमांड पर देने का आदेश जारी किया है। अदालत ने आदेश की प्रति एसपी व जेल अधीक्षक को भी भेजने का आदेश दिया है।
जयसिंहपुर कोतवाली के बेलगरा गांव की रहने वाली वादिनी तारा देवी ने पखवारे भर पूर्व उपनिरीक्षक अंकुर सिंह के पिता विजय प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने देवरिया जिले के सलेमपुर के रहने वाले आरोपी सौरभ पांडेय का नाम प्रकाश में लाते हुए उसे जेल भेजने की कारवाई किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सौरभ पांडेय का गांव में अक्सर आन- जाना था,जिसकी लोकेशन गांव में मिली एवं अन्य साक्ष्य भी उसके खिलाफ पाए गए है,जिसके आधार पर उसे जेल भेजा गया है। मामले में आरोपी सौरभ पांडेय को जेल भेजने के कई दिनों बाद गत बृहस्पतिवार को उसे पुलिस कस्टडी रिमांड में दिए जाने की मांग को लेकर सीजेएम कोर्ट में अर्जी पेश की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी सौरभ पाण्डेय की निशादेही पर हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद करने एवं सह आरोपी रौनक के बारे में आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए कोर्ट से पुलिस कस्टडी रिमांड की इजाजत मांगी गई। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने पुलिस के आवेदन पर आपत्ति जताई। फिलहाल अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बचाव पक्ष के तर्कों को निराधार मानते हुए उनकी आपत्ति खारिज दिया और शर्तों के साथ 28 अप्रैल के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड की अनुमति दिया है।
