नमामि गंगे हर घर जल योजना के तहत तहसील दिवस में विधानसभा अध्यक्ष ने सौंपा प्रार्थना पत्र

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

नमामि गंगे हर घर जल योजना के तहत तहसील दिवस में विधानसभा अध्यक्ष ने सौंपा प्रार्थना पत्र

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। तहसील दिवस के अवसर पर शनिवार को अपना दल (एस) के विधानसभा दुद्धी अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने नमामि गंगे हर घर जल योजना के तहत विभिन्न गांवों में पेयजल आपूर्ति शुरू कराने और अधूरे पाइपलाइन कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
प्रार्थना पत्र में मल्देवा, जाबर, खजूरी, बीडर और पिपरडीह समेत क्षेत्र के करीब 80 प्रतिशत गांवों में पेयजल आपूर्ति बाधित होने का उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया है कि कई गांवों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य अधूरा पड़ा है, जिसके कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
निरंजन जायसवाल ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं और अधिकारियों पर कार्य में शिथिलता बरतने का आरोप लगाते हुए योजना की ग्रामवार स्थलीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने अधूरे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही से सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना की प्रभावशीलता और छवि प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकता पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।
इस अवसर पर दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय, दिलीप पांडेय, सोनू जायसवाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।