क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी लौवा नदी में नहाते समय डूबा 16 वर्षीय छात्र, सीएचसी में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत , मचा कोहराम।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। स्थानीय थाना क्षेत्र के मल्देवा गांव निवासी 16 वर्षीय छात्र चमन अंसारी पुत्र फिरोज अंसारी की बुधवार दोपहर लौवा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना लवकुश पार्क के समीप हुई, जहां वह दोपहर में नहाने गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे चमन लवकुश पार्क के पास लौवा नदी में नहा रहा था, तभी अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने जब उसे डूबते देखा तो तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस दोपहर 2:41 बजे मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया।जहांजांच के उपरांत डॉ. मनोहर सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कस्बा इंचार्ज श्यामजी पुलिस बल के साथ मौके व अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
मृतक चमन राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी में कक्षा 9 का छात्र था। वह अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर मझिला भाई था। छात्र की अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
