क्राइम जर्नलिस्ट(टीम)

नई दिल्ली (ब्यूरो)गुजरात के वडोदरा में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई। पहले तो एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी, धक्का-मुक्की हुई और फिर दोनों पक्षों ने झंडों के डंडों से हमला कर दिया। काफी देर तक हंगामे के बाद किसी तरह दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को अलग किया गया।
म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बीजेपी, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं सहित सभी उम्मीदवारों ने पूरा जोर लगा दिया। वडोदरा में भी दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। सोमा तालाव इलाके में बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में टकरा गए। पहले तो कुछ देर जुबानी जंग चली और फिर नजारा युद्ध के मैदान सा हो गया। कार्यकर्ताओं ने अपनी पार्टियों के झंडों से डंडे निकाल लिए और एक दूसरे पर बरसाना शुरू कर दिया।
गुजरात के 6 नगर निगमों के चुनाव 21 फरवरी को होंगे और मतों की गिनती 23 फरवरी को होगी। नगर पालिकाओं और पंचायतों के चुनाव 28 फरवरी को होंगे, और मतों की गिनती 2 मार्च को की जाएगी।