क्राइम जर्नलिस्ट(टीम)
विश्व जनसंख्या दिवस: जागरूकता कार्यक्रम का आगाज
चिकित्सा विभाग का मोबिलाइजेशन पखवाड़ा सोमवार से हुआ शुरू
स्वास्थ्य कर्मी कर रहे योग्य दम्पतियों से संपर्क
परिवार नियोजन का अपनाओ उपाय, लिखो तरक्की का नया अध्याय
राजस्थान/सीकर, 28 जून। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से विश्व जनसंख्या दिवस 11 जुलाई को मनाया जाएगा। इसके तहत विभाग की ओर से 27 जून से मोबिलाइजेशन पखवाड़ा शुरू किया गया है, जो 10 जुलाई तक चलेगा। वहीं 11 से 24 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय चौधरी ने बताया कि मोबिलाइजेशन पखवाड़े के तहत जिले के गांव ढाणियों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनियों के द्वारा योग्य दम्पतियों से संपर्क कर उनको सीमित परिवार के लाभ बताए जाएंगे और परिवार कल्याण के स्थाई व अस्थाई साधनों की जानकारी देते हुए उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विभाग की ओर से इस बार परिवार नियोजन का अपनाओ उपाय, लिखो तरक्की का नया अध्याय अवधारण पर आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
योग्य दंपतियों से संपर्क करेंगे स्वास्थ्य कर्मी
सीएमएचओ डॉ चौधरी ने बताया कि सोमवार से शुरू हुए मोबिलाइजेशन पखवाडे़ के तहत योग्य दम्पतियों से घर-घर जाकर स्वास्थ्य कर्मी संपर्क किया जा रहा है और उनको सीमित परिवार के लाभ, विवाह की सही आयु, विवाह के बाद कम से कम दो साल बाद पहला बच्चा, पहले व दूसरे बच्चे में कम से कम तीन साल का अंतर, प्रसवोत्तर एवं गर्भपात पश्चात परिवार कल्याण सेवाएं, अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन, परिवार कल्याण में पुरूषों की सहभागिता पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
परिवार कल्याण साधन अपनाने के लिए किया जाएगा प्रेरित
अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ हर्षल चौधरी ने बताया कि मोबिलाइजेशन पखवाडे़ के तहत गांव स्तर पर स्वास्थ्य कर्मी अपने क्षेत्र में अंतराल साधनों के संभावित योग्य दम्पति जोड़ों की सूची तैयार कर उनसे संपर्क कर उनको नसबंदी व अंतराल साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उनको नसबंदी व आयूडी निवेशन के लिए नजदीकी चिकित्सा संस्थान पर लगने वाले परिवार कल्याण शिविर की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के तहत 11 से 24 जुलाई को जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके तहत कोविड-19 प्रोटोकॉल की पालना करते हुए परिवार कल्याण कार्यक्रम के लिए जनजागृति की जा रही है। चिकित्सा संस्थानों में परिवार नियोजन के साधन निशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे।
———————————————–